माननीय पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम संपन्न
समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत 21 अंशकालिक अनुदेशकों को मिला सम्मान, मानदेय बढ़ाकर ₹17,000 प्रतिमाह किए जाने पर जताई खुशी

माननीय पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम संपन्न
समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत 21 अंशकालिक अनुदेशकों को मिला सम्मान, मानदेय बढ़ाकर ₹17,000 प्रतिमाह किए जाने पर जताई खुशी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने की, जबकि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी उपस्थित जनसमूह को दिखाया गया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में ऐतिहासिक वृद्धि करते हुए इसे 1 अप्रैल 2026 से ₹9,000 प्रतिमाह से बढ़ाकर ₹17,000 प्रतिमाह कर दिया गया है। इस योजना का लाभ प्रदेश के 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों को मिलेगा।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में 21 अंशकालिक अनुदेशकों को मंत्री जयवीर सिंह एवं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले प्रमुख अनुदेशकों में जूली, ओंकार सिंह, ऋषि कपूर, सरिता यादव, सिंपल, अंकुर जादौन, ममता, रविंद्र सिंह, राहुल सागर, अंजू वर्मा, रीना, अनिल कुमार, सचिन सक्सेना, नीलम कुमारी और ओम नारायण शामिल रहे। कार्यक्रम में कुल 132 अनुदेशक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षकों व अनुदेशकों को उनका उचित सम्मान दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ₹9,000 से सीधे ₹17,000 प्रतिमाह तक की मानदेय वृद्धि अनुदेशकों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है और यह उनके समर्पण एवं मेहनत के प्रति सरकार के सम्मान को दर्शाता है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी लाभार्थी अनुदेशकों को बधाई देते हुए बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की इस कल्याणकारी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र अनुदेशक तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना के साथ हुई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, पूर्व विधायक पप्पू लोधी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद कुमार द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




