Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

याचिका समिति की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश

जनहित के मामलों को लंबित न रखें, विशेष डेस्क बनाकर प्राथमिकता से करें निस्तारण : अशोक अग्रवाल

याचिका समिति की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश

जनहित के मामलों को लंबित न रखें, विशेष डेस्क बनाकर प्राथमिकता से करें निस्तारण : अशोक अग्रवाल

फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति अशोक अग्रवाल ने की। बैठक में जनपद की विभिन्न विकास योजनाओं और माननीय सदस्यों द्वारा प्रस्तुत याचिकाओं के निस्तारण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान सभापति अशोक अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष डेस्क बनाई जाए, जहां प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित हो तथा याचिकाओं की प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में नगर पंचायत मक्खनपुर के वार्ड संख्या-3 में अधूरे कार्यों को मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं विकासखंड नारखी के ग्राम पुरानी गढ़ी में ऋषि के घर से प्राथमिक पाठशाला तक 220 मीटर सीसी रोड निर्माण कार्य पूर्ण होने की पुष्टि की गई।

माननीय सदस्य रामचंद्र प्रधान द्वारा उठाए गए नाली एवं सीसी रोड निर्माण के मुद्दे पर अधिकारियों ने अवगत कराया कि ग्राम जहानाबाद बिराई मदनपुर में यह कार्य वर्ष 2022 में ही पूरा किया जा चुका है। इसी क्रम में डॉ. दिलीप यादव द्वारा ग्राम पोखर हरिया में प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य के संबंध में बताया गया कि यह कार्य वर्ष 2022-23 में पूर्ण हो चुका है।

बैठक में ग्राम जलालपुर में पारुल नगरिया मार्ग से करतार सिंह गुर्जर के घर तक 170 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य, जिसकी अनुमानित लागत 14.50 लाख रुपये है, को जिला पंचायत की वार्षिक कार्य योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम क्षेत्र के मोहल्ला उर्दू नगर से दीदामई के पास 35 गलियों के कच्चे होने और जल निकासी की समस्या पर समिति ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए।

श्रीमती कांति सिंह द्वारा ग्राम भिंडी जसराना में प्रत्येक पोल पर एलईडी लाइट लगाने के प्रस्ताव पर अधिकारियों ने बताया कि इसे वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्य योजना में बजट उपलब्धता के आधार पर शामिल किया जाएगा।

बैठक के अंत में सभापति अशोक अग्रवाल ने कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए तथा जो कार्य योजनाओं में शामिल हैं, उन्हें बजट उपलब्धता के आधार पर प्राथमिकता से कराया जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी विशु राजा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता सहित समिति के सदस्य अनूप कुमार गुप्ता, उमेश द्विवेदी, मुकेश शर्मा, अरुण पाठक, बजेश पाठक, रमा निरंजन, ऋषि पाल सिंह, मुकुल यादव एवं डॉ. सुरेंद्र चौधरी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!