फिरोजाबाद में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, देरी पर नोडल अधिकारी सख्त
जल जीवन मिशन, स्मार्ट मीटर, गौशालाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर दिए कड़े निर्देश

फिरोजाबाद में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, देरी पर नोडल अधिकारी सख्त

जल जीवन मिशन, स्मार्ट मीटर, गौशालाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर दिए कड़े निर्देश

फिरोजाबाद 04 मई
जनपद की नोडल अधिकारी संयुक्ता समद्दार प्रमुख सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए नोडल अधिकारी ने देरी पर कड़ा रुख अपनाया और अधिकारियों को ईमानदारी तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को तुरंत ठीक किया जाए ताकि आम जनता को आवागमन में परेशानी न हो। 564 गांवों में चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम को मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को एक सप्ताह में भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
विद्युत विभाग की समीक्षा में स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान और गर्मी को देखते हुए सभी ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। पर्यटन और वन विभाग को जनपद को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
कृषि विभाग की समीक्षा में बताया गया कि 3.3 लाख किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, जिस पर नोडल अधिकारी ने शेष लक्ष्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को पशुओं के नियमित टीकाकरण और चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। 63 गौशालाओं में से दो बड़ी गौशालाओं में संचालित बायोगैस परियोजना की सराहना करते हुए अन्य गौशालाओं में भी इसे लागू करने के निर्देश दिए गए।
चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए गए कि आयुष्मान कार्ड केवल बनाए ही न जाएं बल्कि पात्र लोगों तक उनका लाभ भी पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को रोजाना सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई में बैठने के निर्देश दिए ताकि शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो सके।
कानून व्यवस्था की समीक्षा में बैंकों और एटीएम में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें कंट्रोल रूम से जोड़ने के निर्देश दिए गए। महिला अपराध से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक के अंत में नोडल अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी से काम करें ताकि जनता को योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी नमामी गंगे, एसपी सिटी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद नोडल अधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और ग्लास म्यूजियम का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।




