फिरोजाबाद में निपुण भारत मिशन की समीक्षा बैठक, नामांकन बढ़ाने और स्मार्ट क्लास संचालन पर सख्त निर्देश
स्कूल चलो अभियान 2026-27 को लेकर प्रशासन अलर्ट, 15 अप्रैल तक सभी बच्चों को पुस्तक वितरण और शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के आदेश

फिरोजाबाद में निपुण भारत मिशन की समीक्षा बैठक, नामांकन बढ़ाने और स्मार्ट क्लास संचालन
पर सख्त निर्देश
स्कूल चलो अभियान 2026-27 को लेकर प्रशासन अलर्ट, 15 अप्रैल तक सभी बच्चों को पुस्तक वितरण और शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के आदेश
फिरोजाबाद:
जिलाधिकारी द्वारा जारी रोस्टर के क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में निपुण भारत मिशन एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूल चलो अभियान 2026-27 को लेकर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन स्तर से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जिले में अब तक 7534 नए नामांकन होने पर संतोष जताते हुए खंड शिक्षा अधिकारियों को नामांकन की गति और तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पिछले वर्ष नामांकित सभी बच्चों को अगली कक्षा में प्रवेश दिलाने और कक्षा 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों का कक्षा 9 में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी बच्चे को जन्म प्रमाण पत्र या आधार कार्ड के अभाव में प्रवेश से वंचित नहीं किया जाएगा। अभिभावकों द्वारा दी गई जानकारी को ही प्रवेश के लिए मान्य माना जाएगा।
शैक्षिक सत्र 2026-27 में सभी बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। यह भी कहा गया कि विद्यालय स्तर पर पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित किया जाए और इसकी रेंडम जांच कराई जाएगी। यदि किसी बच्चे के पास पुस्तक नहीं पाई गई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। पुस्तक आपूर्ति के लिए संबंधित फर्म से संपर्क कर 15 अप्रैल तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
स्मार्ट क्लास संचालन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए खंड शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सभी स्कूलों में स्मार्ट क्लास नियमित रूप से संचालित हों। पीएम श्री विद्यालयों में स्थापित आईसीटी लैब में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने और जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
खराब प्रदर्शन वाले बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय और मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को तेजी लाने और जांच कराने के निर्देश दिए गए।
ऑपरेशन कायाकल्प के तहत असंतृप्त विद्यालयों को संतृप्त करने और सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जनपद और ब्लॉक स्तर की टास्क फोर्स को प्रेरणा एप के माध्यम से हर माह विद्यालय निरीक्षण का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के लिए कहा गया।
जारीकर्ता:
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, फिरोजाबाद




