प्यार में अंधी बहन ने प्रेमी संग मिलकर सगे भाई को उतारा मौत के घाट, भांजे के बयान से खुला राज

मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, 10 साल के बच्चे की गवाही बनी हत्या का खुलासा
मैनपुरी। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां एक बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही सगे भाई की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किसी और ने नहीं, बल्कि आरोपी महिला के 10 वर्षीय बेटे ने किया।
घटना किशनी थाना क्षेत्र की है। फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के करथिया गांव निवासी 25 वर्षीय करन मिश्रा अपनी बहन पूजा दुबे को कुसमरा स्थित उसके घर छोड़ने आया था। रात होने के बाद जब करन अपने घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इस बीच पूजा ने परिवार को गुमराह करते हुए कहा कि करन घर से निकल चुका है और पहुंच जाएगा।
मामले को और उलझाने के लिए पूजा ने खुद ही थाने में भाई की गुमशुदगी दर्ज करा दी। लेकिन इस कहानी में बड़ा मोड़ तब आया, जब उसके 10 वर्षीय बेटे ऋतिक दुबे ने सच्चाई उजागर कर दी।
भांजे का सनसनीखेज बयान:
ऋतिक ने बताया—
“रात को दीपक ठाकुर घर में बैठा था। तभी मामा घर आए। मां के साथ दीपक ठाकुर ने उन्हें आते देख लिया था। उसी समय उसने तमंचे से गोली मारकर मेरे मामा की हत्या कर दी। मेरी मां ने भी उसकी मदद की।”
बच्चे के इस बयान के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। एसपी सिटी अरुण कुमार के नेतृत्व में स्वाट टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिजनों ने आरोपी जितेंद्र ठाकुर उर्फ जीतू को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि करन को गोली मारने के बाद शव को धर्मगदपुर गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया, जिसके सिर में गोली के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह:
जांच में सामने आया कि पूजा दुबे और जितेंद्र ठाकुर के बीच अवैध प्रेम संबंध थे। करन को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो उसने दोनों को फटकार लगाई थी। इसी के बाद दोनों ने मिलकर करन की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दे दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट:
पत्रकार मोहित गुप्ता, ब्यूरो चीफ मैनपुरी




