यूपीराज्यलोकल न्यूज़

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 5 अगस्त को होगा जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव, फिरोजाबाद में विकास भवन सभागार में जुटेंगे विशेषज्ञ

आधुनिक डेयरी प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य, चारा प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी, किसानों और पशुपालकों को तकनीकी प्रशिक्षण देंगे विशेषज्ञ

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 5 अगस्त को होगा जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव, फिरोजाबाद में विकास भवन सभागार में जुटेंगे विशेषज्ञ

 

आधुनिक डेयरी प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य, चारा प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी, किसानों और पशुपालकों को तकनीकी प्रशिक्षण देंगे विशेषज्ञ

फिरोजाबाद।

उत्तर प्रदेश शासन के दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा किसानों और पशुपालकों को आधुनिक डेयरी तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से 5 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक दिवसीय ‘जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव’ का आयोजन किया जाएगा। फिरोजाबाद में यह कार्यक्रम सिविल लाइन स्थित विकास भवन सभागार में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में आयोजित होगा।

दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार चार घंटे के इस विशेष कॉन्क्लेव में आधुनिक डेयरी प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य, चारा प्रबंधन तथा विभागीय योजनाओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों को नवीन तकनीकों और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना है।

इन विषयों पर होगा विशेष मार्गदर्शन

कॉन्क्लेव में नन्द बाबा दुग्ध मिशन सहित आधुनिक डेयरी प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश दुग्ध नीति-2022 के प्रावधानों और लाभों से किसानों को अवगत कराया जाएगा। पशुओं के स्वास्थ्य, रोगों की पहचान, रोकथाम, नियंत्रण, समय पर टीकाकरण तथा वैज्ञानिक चारा प्रबंधन पर भी विशेषज्ञ विस्तार से जानकारी देंगे। इसके अलावा दुग्ध विकास एवं पशुपालन विभाग की विभिन्न ऋण और अनुदान योजनाओं की भी जानकारी साझा की जाएगी।

कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण

कार्यक्रम में दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) और कृषि विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे। विशेषज्ञ किसानों और पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से डेयरी व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाने के उपाय बताएंगे।

सफल आयोजन के लिए जारी किए गए निर्देश

दुग्ध आयुक्त ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और उप दुग्धशाला विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 5 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विकास भवन सभागार आरक्षित रखते हुए कार्यक्रम का सफल, सुव्यवस्थित और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!