फिरोजाबाद की दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ₹65 हजार की ई-ट्राइसाइकिल, ऑनलाइन आवेदन शुरू
जिले की प्रत्येक विधानसभा में 20 छात्राओं को मिलेगा लाभ, जानिए पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की पूरी प्रक्रिया

फिरोजाबाद की दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ₹65 हजार की ई-ट्राइसाइकिल, ऑनलाइन आवेदन शुरू
जिले की प्रत्येक विधानसभा में 20 छात्राओं को मिलेगा लाभ, जानिए पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की पूरी प्रक्रिया
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। योजना के तहत पात्र दिव्यांग बेटियों को लगभग ₹65,000 मूल्य की बैटरी चालित ई-ट्राइसाइकिल निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में उप निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, आगरा मंडल एवं प्रभारी जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी फिरोजाबाद ऋतुराज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है।
उन्होंने बताया कि जनपद की प्रत्येक विधानसभा—फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, सिरसागंज, जसराना और टूंडला—के लिए 20-20 ई-ट्राइसाइकिल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्राप्त आवेदनों में दिव्यांगता के प्रतिशत के घटते क्रम के आधार पर पात्र छात्राओं का चयन किया जाएगा।
किन छात्राओं को मिलेगा लाभ?
योजना का लाभ उन छात्राओं को मिलेगा जो पैरों से दिव्यांग हैं, जैसे मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, सेरेब्रल पाल्सी या हीमोफीलिया से प्रभावित हैं। साथ ही उनकी दृष्टि एवं मानसिक स्थिति सामान्य हो तथा वे अपने हाथों से ई-ट्राइसाइकिल का संचालन करने में सक्षम हों।
छात्रा की आयु 16 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए और वह वर्तमान में किसी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, कंप्यूटर सेंटर, हॉस्टल या लाइब्रेरी में नियमित रूप से अध्ययनरत हो।
इन परिवारों को मिलेगी प्राथमिकता
योजना के तहत ऐसे परिवार पात्र होंगे जिनमें कोई सदस्य सरकारी नौकरी में न हो और न ही आयकरदाता हो। बीपीएल (गरीबी रेखा) कार्ड धारक परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन करते समय निम्नलिखित दस्तावेज आवश्यक होंगे—
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र
आधार कार्ड/पैन कार्ड अथवा आयु प्रमाण पत्र
अध्ययनरत प्रमाण पत्र (स्कूल/कॉलेज)
आय प्रमाण पत्र
मूल निवास प्रमाण पत्र
जाति प्रमाण पत्र
ऐसे करें आवेदन
पहला चरण: संबंधित स्कूल या कॉलेज से अध्ययनरत (बोनाफाइड) प्रमाण पत्र बनवाएं।
दूसरा चरण: सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर नजदीकी जनसेवा केंद्र (CSC) जाएं और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन भरवाकर रसीद सुरक्षित रखें।
तीसरा चरण: आवेदन के बाद विभाग की तकनीकी एवं चिकित्सकीय टीम छात्रा का भौतिक सत्यापन करेगी। जांच में छात्रा के ई-ट्राइसाइकिल चलाने की क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। पात्र पाए जाने पर ई-ट्राइसाइकिल स्वीकृत कर दी जाएगी।
सहायता के लिए यहां करें संपर्क
यदि आवेदन भरने में किसी प्रकार की समस्या आती है या योजना से संबंधित जानकारी चाहिए, तो आवेदक सोमवार से शुक्रवार के बीच विकास भवन स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय, फिरोजाबाद में संपर्क कर सकते हैं।




