जसराना में फिर चोरों का धावा: समाजसेवी देवेंद्र सिंह के कृषि फार्म से ट्यूबवेल स्टार्टर और केबल चोरी
बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में दहशत, सिंचाई व्यवस्था पर मंडराया संकट

जसराना में फिर चोरों का धावा: समाजसेवी देवेंद्र सिंह के कृषि फार्म से ट्यूबवेल स्टार्टर और केबल चोरी
बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में दहशत, सिंचाई व्यवस्था पर मंडराया संकट
जसराना (फिरोजाबाद)। थाना जसराना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र के जाने-माने समाजसेवी लोधी देवेंद्र सिंह के लक्की कृषि फार्म को एक बार फिर चोरों ने निशाना बना लिया। मंगलवार सुबह फार्म पर पहुंचने पर ट्यूबवेल का स्टार्टर और उससे जुड़ी बिजली की केबल गायब मिली।
जानकारी के अनुसार, चोर रात के अंधेरे में फार्म में घुसे और सिंचाई व्यवस्था के लिए उपयोग में आने वाले ट्यूबवेल स्टार्टर तथा बिजली केबल को चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के किसानों में भी चिंता का माहौल बन गया।
पहले भी हो चुकी हैं चोरी की वारदातें
फार्म मालिकों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कृषि फार्म पर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन लगातार हो रही वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे किसानों और फार्म संचालकों में रोष बढ़ता जा रहा है।
मक्का की फसल पर पड़ सकता है असर
इस समय मक्का की फसल की सिंचाई का महत्वपूर्ण दौर शुरू होने वाला है। ऐसे में ट्यूबवेल की केबल और स्टार्टर चोरी हो जाने से सिंचाई व्यवस्था बाधित हो सकती है, जिससे फसल प्रभावित होने की आशंका है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही जसराना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
किसानों में बढ़ रहा आक्रोश
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।



