फिरोजाबाद में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का अखिलेश यादव पर पलटवार, बोले- मंदिर निर्माण में सपा ने हमेशा डाली बाधाएं
राम मंदिर, सनातन धर्म और भाजपा पर लगाए गए आरोपों को लेकर मीडिया के सवालों का दिया जवाब, दूसरे सवाल पर कहा- पहले अध्ययन कर लूं, फिर बोलूंगा।

फिरोजाबाद पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने मीडिया से बातचीत के दौरान विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर भी जवाब दिया।
मीडिया द्वारा जब मंत्री असीम अरुण से अखिलेश यादव के उस बयान पर सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि “समाजवादी लोग चाहते हैं कि सनातन धर्म की रक्षा हो, लेकिन सनातन धर्म की आड़ में गोरखधंधा न हो”, तो मंत्री ने कहा कि यदि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी वास्तव में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के हितैषी होते तो मंदिर का निर्माण बहुत पहले हो गया होता।
उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में सहयोग करने के बजाय समाजवादी पार्टी ने हमेशा बाधाएं उत्पन्न कीं और गोली चलाने तक की घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि आज इस मुद्दे पर “मौके पर चौका मारने” की कोशिश न करें, क्योंकि जनता उनका इतिहास अच्छी तरह जानती है।
वहीं, जब अखिलेश यादव के दूसरे बयान—”चोर-चोर सौतेले भाई, जिन्होंने चुराई राम की पाई, देखो जा रहा वो भाजपाई जिसने खाई राम की पाई”—पर मंत्री से प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने संयमित जवाब देते हुए कहा, “मैं पहले इस विषय का अध्ययन कर लूं, उसके बाद ही इस पर कुछ बोलूंगा।”