प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न, 25 ग्राम विकास योजनाओं को मिली स्वीकृति
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, कार्यों में दोहराव न हो यह सुनिश्चित करने के आदेश

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न, 25 ग्राम विकास योजनाओं को मिली स्वीकृति
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, कार्यों में दोहराव न हो यह सुनिश्चित करने के आदेश
फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में गठित जिला अभिसरण समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में द्वितीय चरण में चयनित 25 आदर्श ग्रामों की ग्राम विकास योजना (वीडीपी) को ग्राम अभिसरण समिति से अनुमोदन के उपरांत जिला अभिसरण समिति के समक्ष स्वीकृति एवं अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम विकास योजना में प्रस्तावित गैप फिलिंग गतिविधियों के कार्य प्रारंभ कराने से पूर्व यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि वही कार्य किसी अन्य विभाग द्वारा पूर्व में न कराए गए हों। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता और समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा परियोजना अधिकारी नेडा फिरोजाबाद को निर्देश दिए कि प्रस्तावित आंगनवाड़ी केंद्र, सामुदायिक शौचालय, पिंक मॉडल शौचालय एवं सोलर स्ट्रीट लाइट जैसे निर्माण कार्यों को शुरू कराने से पहले संबंधित स्थलों का स्वयं निरीक्षण कर लें, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और आवश्यकता का सही आकलन हो सके।
इसके अतिरिक्त जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) एवं जिला प्रबंधक अनुगम फिरोजाबाद को निर्देशित किया गया कि शेष चयनित 49 आदर्श ग्रामों में हाउसहोल्ड सर्वे की कार्रवाई संबंधित खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से शीघ्र पूर्ण कराई जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित जिला स्तरीय प्रोजेक्ट अप्रेजल सह कन्वर्जेंस कमेटी (डीएलपीएसीसी) के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




