जनसुनवाई में फर्जी निस्तारण पर डीएम सख्त, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश
तहसील सिरसागंज के औचक निरीक्षण में शिकायतकर्ता ने खोली पोल, डीएम ने फोन पर की सीधी बात; साफ-सफाई और शिकायतों की क्रॉस चेकिंग पर भी दिए कड़े निर्देश

जनसुनवाई में फर्जी निस्तारण पर डीएम सख्त, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश
तहसील सिरसागंज के औचक निरीक्षण में शिकायतकर्ता ने खोली पोल, डीएम ने फोन पर की सीधी बात; साफ-सफाई और शिकायतों की क्रॉस चेकिंग पर भी दिए कड़े निर्देश
फिरोजाबाद, 30 मई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को तहसील सिरसागंज का औचक निरीक्षण कर जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम, संग्रह, अभिलेखागार तथा कानूनगो रजिस्टरों की गहन जांच की और शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बात कर निस्तारण की सत्यता परखी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर की दीवारों पर पान-तंबाकू के दाग देखकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर में गंदगी फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाए तथा परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जाए।
शिकायत रजिस्टर की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कई शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर बातचीत की। सुनीता देवी ने खतौनी में नाम दर्ज होने की पुष्टि की, जबकि विनय कुमार और रचना देवी ने बताया कि उनकी राशन कार्ड संबंधी शिकायतों का समाधान हो चुका है।
हालांकि, जब जिलाधिकारी ने गोपाल नामक शिकायतकर्ता से अवैध कब्जे संबंधी शिकायत के बारे में जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि मौके से अभी तक कब्जा नहीं हटाया गया है। शिकायत का कागजों में निस्तारण दिखाए जाने और जमीनी हकीकत अलग पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने इस लापरवाही के लिए संबंधित राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को तत्काल प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी सिरसागंज को निर्देशित किया कि तहसील में आने वाली सभी शिकायतों और उनके निस्तारण की अनिवार्य रूप से क्रॉस चेकिंग की जाए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसुनवाई व्यवस्था को लेकर अत्यंत संवेदनशील है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और वास्तविक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा तहसील परिसर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जाए।




