फिरोजाबाद में डीएम का औचक निरीक्षण, टूण्डला सीएचसी की व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
मरीजों से लिया फीडबैक, 130 प्रकार की दवाएं उपलब्ध बताईं, साफ सफाई और सेवाओं में सुधार के निर्देश

फिरोजाबाद में डीएम का औचक निरीक्षण, टूण्डला सीएचसी की व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

मरीजों से लिया फीडबैक, 130 प्रकार की दवाएं उपलब्ध बताईं, साफ सफाई और सेवाओं में सुधार के निर्देश

खबर
फिरोजाबाद 22 अप्रैल
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ टूण्डला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार कराने आए मरीजों से सीधे बातचीत कर सुविधाओं की स्थिति जानी। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि केंद्र पर वर्तमान में 130 प्रकार की आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि मरीजों को बाहर से दवा लिखने की शिकायत किसी भी हालत में नहीं मिलनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया, जहां एक मरीज भर्ती मिला। उन्होंने वार्ड की साफ सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आइसोलेशन वार्ड का जायजा लिया, जहां कोई मरीज भर्ती नहीं था। वार्ड में साफ सफाई और अन्य व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी पैथोलॉजी विभाग भी पहुंचे और स्वयं की डायबिटीज जांच कराई। अधिकारियों ने बताया कि यहां लगभग सभी प्रकार की जांच उपलब्ध हैं, केवल विटामिन डी की जांच फिलहाल नहीं हो रही है, जिसे जल्द शुरू किया जाएगा। डायबिटीज के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वे केवल इलाज तक सीमित न रहें, बल्कि मरीजों को बचाव और जीवनशैली में सुधार के लिए भी जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि मरीजों को खान पान और दिनचर्या में सुधार के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए ताकि वे बीमारी को नियंत्रित कर सकें। निरीक्षण के दौरान स्त्री रोग विभाग का भी जायजा लिया गया, जहां जानकारी दी गई कि पिछले एक माह में 120 सफल सिजेरियन ऑपरेशन किए गए हैं, जो क्षेत्र की महिलाओं के लिए बड़ी राहत है।
इस दौरान उप जिलाधिकारी अंकित वर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



