जसराना समाधान दिवस में 184 शिकायतें पहुंचीं, 13 का मौके पर हुआ निस्तारण
डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश, 11 महीने से पेंशन न मिलने की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई

जसराना समाधान दिवस में 184 शिकायतें पहुंचीं, 13 का मौके पर हुआ निस्तारण

डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश, 11 महीने से पेंशन न मिलने की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई
फिरोजाबाद। तहसील जसराना में शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की मौजूदगी में आयोजित जनसुनवाई में दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 184 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
समाधान दिवस में ग्रामीण आवास योजना के तहत निर्मित मकान की बकाया मनरेगा मजदूरी का भुगतान न होने की शिकायत पर डीएम ने बीडीओ जसराना को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं नगला धनी निवासी ने ओवरलोड और कम वोल्टेज की समस्या को देखते हुए नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने की मांग की।

नगला कौंस निवासी गंगा देवी ने तेज बारिश और हवा के कारण शीशम का पेड़ गिरने से टूटे बिजली के पोल को बदलवाने की शिकायत की। इस मामले में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में 11 महीने से दिव्यांग पेंशन नहीं मिलने की शिकायत भी सामने आई। नगला घनी निवासी महीपाल ने अपनी समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए, जिसके बाद मामले का त्वरित समाधान कराया गया।
इसके अलावा एसबीआई बैंक शाखा शिकोहाबाद से संबंधित वसूली की शिकायत पर लीड बैंक मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विकलांग भाई के सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास योजना से जुड़े मूल प्रमाण पत्र वापस न मिलने की शिकायत पर तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक को कागजात वापस कराने के निर्देश दिए गए।
भूमि पर जलभराव, नाली निर्माण और अवैध कब्जे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार एवं राजस्व टीम को पुलिस बल के साथ मौके पर संयुक्त निरीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।
समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित जनपद, ब्लॉक और तहसील स्तर के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Pink City Times | PCT News Digital





