Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
E-Paperhttps://pctnews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifयूपीराज्यलोकल न्यूज़

जनगणना 2027: फिरोजाबाद में 96 फील्ड प्रशिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण, 5 अक्टूबर से शुरू होगा कार्यक्रम

5 से 14 अक्टूबर तक तीन बैचों में होगा प्रशिक्षण, 22 अक्टूबर से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की ट्रेनिंग शुरू होने की तैयारी

जनगणना 2027: फिरोजाबाद में 96 फील्ड प्रशिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण, 5 अक्टूबर से शुरू होगा कार्यक्रम

 

5 से 14 अक्टूबर तक तीन बैचों में होगा प्रशिक्षण, 22 अक्टूबर से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की ट्रेनिंग शुरू होने की तैयारी

 

फिरोजाबाद। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर जनपद फिरोजाबाद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में 5 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक तीन बैचों में कुल 96 फील्ड प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त तीन मास्टर ट्रेनर तथा जनगणना निदेशालय से संबंधित अधिकारी फील्ड प्रशिक्षकों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और उनके दायित्वों की जानकारी देंगे। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया और तकनीकी व्यवस्था के अनुसार संपन्न कराने के लिए आवश्यक जानकारी दी जाएगी।

 

इन प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनरों द्वारा आगे जनपद के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 22 अक्टूबर 2026 से शुरू किए जाने की तैयारी है।

 

दिसंबर से शुरू होगी जनसंख्या गणना

 

भारत सरकार की अधिसूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश समेत गोवा, पंजाब और उत्तराखंड के गैर-बर्फीले क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का मुख्य कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा। इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण आयोजित किया जाएगा। जनगणना की संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि निर्धारित की गई है।

 

16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना का विकल्प

 

जनसंख्या गणना शुरू होने से पहले नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा भी दी जाएगी। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक व्यक्ति अपने और अपने परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा।

 

40 सवालों के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी

 

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए केंद्र सरकार ने 40 सवालों वाली प्रश्नावली अधिसूचित की है। इसमें व्यक्ति का नाम, परिवार में संबंध, लिंग, जन्मतिथि एवं आयु, वैवाहिक स्थिति, धर्म, अनुसूचित जाति/जनजाति एवं जाति, माता-पिता की जानकारी, दिव्यांगता, भाषा, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, प्रवास सहित विभिन्न सामाजिक और आर्थिक जानकारियां शामिल हैं।

 

जनगणना-2027 में पहली बार स्वतंत्र भारत में सभी समुदायों के लिए जाति संबंधी जानकारी भी जनसंख्या गणना के दौरान दर्ज की जाएगी। इसके अलावा प्रश्नावली में डिजिटल साक्षरता, मोबाइल नंबर, बैंक खातों और कोविड-19 टीकाकरण से संबंधित जानकारी जैसे विषय भी शामिल हैं।

 

फिरोजाबाद में फील्ड प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण के बाद प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को तैयार किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय पर जनसंख्या गणना का कार्य व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा कराया जा सके।

 

PCT News Digital | Pink City Times Hindi Saptahik

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!