विश्व पर्यटन दिवस पर नीब करोरी धाम पहुंचे डीएम संतोष कुमार शर्मा, विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
आर्य गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों को दिया ज्ञान, जिज्ञासा और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश

विश्व पर्यटन दिवस पर नीब करोरी धाम पहुंचे डीएम संतोष कुमार शर्मा, विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
आर्य गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों को दिया ज्ञान, जिज्ञासा और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश
फिरोजाबाद। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल नीब करोरी धाम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आर्य गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय सिरसागंज के विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उनके सांस्कृतिक एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों पर चर्चा की और स्वयं भी उनसे कई प्रश्न पूछे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञान प्राप्त करना निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। सीखने की कोई उम्र निर्धारित नहीं होती। उन्होंने अंग्रेजी कहावत “When you know more, you realise how less you know” का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से हमेशा जिज्ञासु बने रहने, ध्यानपूर्वक सुनने और अपने करियर के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को कच्चे घड़े से तुलना करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर विद्यार्थी अपने ज्ञान और क्षमताओं को बेहतर दिशा में विकसित कर सकते हैं। संवाद के दौरान बाबा नीब करोरी के जीवन, उनके विचारों और उनसे जुड़े प्रमुख स्थलों जैसे कैंची धाम, वृंदावन और ऋषिकेश आदि के बारे में भी चर्चा हुई।
संवाद में सही उत्तर देने वाले छात्र नितेश को जिलाधिकारी ने मंच पर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बाबा नीब करोरी के जीवन संदेशों को आत्मसात करने की अपील करते हुए कहा कि सभी से प्रेम करना, जरूरतमंद और असमर्थ लोगों की सेवा करना, ईश्वर में अटूट विश्वास रखना और हमेशा सत्य के मार्ग पर चलना उनके प्रमुख संदेशों में शामिल है।
मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि बाबा के मानवता और सेवा से जुड़े संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नीब करोरी धाम धार्मिक पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थल होने के साथ-साथ ऐसा स्थान भी है, जहां आकर लोगों को मानवता और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आर्य गुरुकुल महाविद्यालय सिरसागंज के विद्यार्थियों और शिक्षकों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, जिलाधिकारी द्वारा होमस्टे संचालकों देवेश कुमार, शशिकांत सौरभ, काका शिवाजी और हेमंत को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी दिव्या सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव, आर्य गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय सिरसागंज के प्राचार्य सत्यकांत तोमर, खंड विकास अधिकारी नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवाकांत पलिया ने किया।
PCT News Digital | Pink City Times




