रोजगार मेले में 378 अभ्यर्थियों का चयन, 18 कंपनियों ने लिया हिस्सा
एमजी कॉलेज परिसर में जिला प्रशासन, सेवायोजन विभाग और कॉलेज प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ एक दिवसीय रोजगार मेला

रोजगार मेले में 378 अभ्यर्थियों का चयन, 18 कंपनियों ने लिया हिस्सा
एमजी कॉलेज परिसर में जिला प्रशासन, सेवायोजन विभाग और कॉलेज प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ एक दिवसीय रोजगार मेला
फिरोजाबाद। महात्मा गांधी कॉलेज कन्या महाविद्यालय परिसर में सेवायोजन विभाग, कॉलेज प्रबंधन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रोजगार मेले एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक मनीष असीजा और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। रोजगार मेले में 913 अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन और 568 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। मेले में कुल 18 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनके माध्यम से 378 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

युवाओं को रोजगार से जोड़ने में सेवायोजन विभाग की अहम भूमिका
सदर विधायक मनीष असीजा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को भटकने से बचाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सेवायोजन विभाग एक सेतु की तरह कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक ट्रिलियन इकोनॉमी के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं के लिए नौकरी पाने के साथ-साथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और जिला उद्योग केंद्र की योजनाओं के माध्यम से रोजगार देने वाला बनने के भी अवसर उपलब्ध हैं।

मेहनत और समर्पण से ही मिलती है सफलता: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठोर परिश्रम, ईमानदारी और समर्पण ही व्यक्ति को सफलता के मार्ग पर ले जाते हैं। उन्होंने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सफलता भले ही थोड़ी देर से मिले, लेकिन ईमानदारी से किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता।
जिलाधिकारी ने रोजगार मेले में शामिल बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके अभिभावकों से अपील की कि बेटियों को शिक्षा और प्रगति के समान अवसर प्रदान किए जाएं, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।

अधिकारी और कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर सुदर्शन कुमार, जिला रोजगार अधिकारी खुशबू शाक्य, वरिष्ठ बाबू विपिन कुमार, सुमन कुमार सहित रोजगार कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा एमजी डिग्री कॉलेज की प्राचार्य प्रदर्शनी उपाध्याय, सचिव सतीश चंद्र गुप्ता, मंडल सचिव अनूप चंद्र जैन, मंडल कोषाध्यक्ष अनूपम कुमार गुप्ता सहित कॉलेज प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।




