किसानों को बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं का मिलेगा लाभ, डीएम ने दिए प्रचार-प्रसार के निर्देश
एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री औद्यानिक विकास, माइक्रो इरीगेशन और पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की संयुक्त बैठक में लक्ष्यों को मिली मंजूरी

किसानों को बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं का मिलेगा लाभ, डीएम ने दिए प्रचार-प्रसार के निर्देश
एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री औद्यानिक विकास, माइक्रो इरीगेशन और पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की संयुक्त बैठक में लक्ष्यों को मिली मंजूरी
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना, पर ड्रॉप मोर कॉप माइक्रोइरीगेशन योजना तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की जनपद स्तरीय समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी ने विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को मिलने वाले अनुदान और निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी दी। एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत फल, फूल, मसाला, सब्जी, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, पोस्ट हार्वेस्ट तथा कृषि मशीनीकरण आदि गतिविधियों पर इकाई लागत का 25 से 50 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।

स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट, पपीता और मसाला फसलों के लिए लक्ष्य
उद्यान रोपण कार्यक्रम के तहत स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट, पपीता, बेल और बेर के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। सब्जी उत्पादन में टमाटर, फूलगोभी, पत्तागोभी, ब्रोकली, बैंगन, हरी मिर्च, शिमला मिर्च, लौकी, तोरई, करेला और खीरा शामिल हैं।
मसाला क्षेत्र विस्तार के तहत प्याज और लहसुन के साथ अदरक एवं हल्दी की खेती को भी बढ़ावा दिया जाएगा। फूलों की खेती में गेंदा के लिए भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। सब्जी की खेती में मचान विधि तथा बागवानी फसलों की फेंसिंग के लिए भी किसानों को अनुदान दिया जाएगा।
मधुमक्खी पालन और कृषि मशीनीकरण पर भी जोर
मधुमक्खी पालन के लिए मौनवंश कॉलोनी, मौनगृह और आवश्यक उपकरणों पर निर्धारित अनुदान दिया जाएगा। वहीं 8 एचपी पावर टिलर पर अनुमन्य लागत का 50 प्रतिशत, अधिकतम 50 हजार रुपये तक अनुदान की व्यवस्था है। ईको फ्रेंडली लाइट ट्रैप के लिए भी किसानों को अनुदान दिया जाएगा।
शिकोहाबाद और अरांव में बनेगा फसलों का क्लस्टर
मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत विकासखंड शिकोहाबाद और अरांव को चिन्हित किया गया है। जिलाधिकारी ने विकासखंडवार फसलों के क्लस्टर तैयार कर क्षेत्र विस्तार कराने के निर्देश दिए।
बैठक में किसानों ने केला उत्पादन के लिए भी लक्ष्य निर्धारित करने का सुझाव दिया। इस पर अधिकारियों ने बताया कि केला की खेती के इच्छुक किसान पहले विभागीय पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराएं, ताकि किसानों की मांग के अनुसार शासन को प्रस्ताव भेजा जा सके।
1494 हेक्टेयर में माइक्रो इरीगेशन का लक्ष्य
पर ड्रॉप मोर कॉप माइक्रोइरीगेशन योजना के तहत जनपद को 1494 हेक्टेयर का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष करीब 700 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई सिस्टम स्थापित कराया जा चुका है।
योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को ड्रिप, मिनी एवं माइक्रो स्प्रिंकलर पर 90 प्रतिशत तथा अन्य किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। पोर्टेबल स्प्रिंकलर और रेनगन पर भी निर्धारित अनुदान उपलब्ध है।
योजना से लाभान्वित किसानों राजवीर सिंह निवासी खेरिया, टूंडला और राहुल कुमार निवासी कबीरपुर, अरांव ने स्प्रिंकलर सिस्टम को लाभकारी बताया। जिलाधिकारी ने प्रगतिशील किसानों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।

खाद्य प्रसंस्करण इकाई लगाने पर 35 प्रतिशत अनुदान
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना एवं उन्नयन पर लागत का 35 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। आटा चक्की, स्पेलर, दलिया, बेसन, आलू चिप्स एवं पाउडर, अचार और मुरब्बा आदि उद्योगों के लिए आवेदन किए जा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही बैंकर्स, एनआरएलएम और जिला उद्यान अधिकारी के साथ अलग से बैठक आयोजित करने को कहा।
डीएम ने आलू के भंडारण प्रभार और न्यूनतम मूल्य पर बिक्री के अंतर पर अनुमन्य अनुदान की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पंचायत स्तर पर चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित समितियों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों का अनुमोदन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं को शासनादेशों में निहित प्रावधानों के अनुसार पारदर्शी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए।
PCT News | फिरोजाबाद




