फिरोजाबाद में युवाओं के करियर मार्गदर्शन की अभिनव पहल, डीएम ने छात्राओं से किया संवाद
85 इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने वर्चुअल माध्यम से लिया मार्गदर्शन, डीएम ने टाइम मैनेजमेंट, लक्ष्य निर्धारण और SWOT मॉडल के जरिए सफलता के दिए मंत्र

फिरोजाबाद में युवाओं के करियर मार्गदर्शन की अभिनव पहल, डीएम ने छात्राओं से किया संवाद

85 इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने वर्चुअल माध्यम से लिया मार्गदर्शन, डीएम ने टाइम मैनेजमेंट, लक्ष्य निर्धारण और SWOT मॉडल के जरिए सफलता के दिए मंत्र

फिरोजाबाद, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की प्रेरणा एवं प्रोत्साहन से जनपद फिरोजाबाद में शिक्षा एवं युवा कल्याण के क्षेत्र में एक अभिनव पहल शुरू की जा रही है। इसके तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, भारतीय वन सेवा एवं राज्य सिविल सेवा के युवा अधिकारी इंटर कॉलेजों के विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य के लक्ष्य को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, टूंडला पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। कार्यक्रम में जनपद के 85 इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
संवाद का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में करियर, विषय चयन, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य की राह को लेकर उत्पन्न होने वाले भ्रम एवं असमंजस को दूर करना रहा। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रभावी पढ़ाई के तरीके, टाइम मैनेजमेंट, सही रोल मॉडल का चुनाव और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
SWOT मॉडल से समझाई सफलता की रणनीति

जिलाधिकारी ने बोर्ड पर SWOT मॉडल—Strength, Weakness, Opportunity और Threat के माध्यम से छात्राओं को अपनी ताकत और कमजोरियों को पहचानने का तरीका समझाया। उन्होंने कहा कि अपनी क्षमताओं को पहचानकर, कमजोरियों पर नियंत्रण स्थापित करते हुए अवसरों का सही उपयोग किया जाए तो सफलता की राह आसान हो सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को लॉजिकल थिंकिंग, साइंस और इमोशनल बैलेंस का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी। छात्राओं ने भी बिना झिझक करियर, विषय चयन और भविष्य से जुड़े सवाल जिलाधिकारी से पूछे, जिनका उन्होंने तार्किक ढंग से जवाब दिया।
सिविल सर्विसेज की तैयारी को लेकर छात्रा ने पूछा सवाल

कार्यक्रम के दौरान छात्रा वंदना ने जिलाधिकारी से पूछा कि यदि वह सिविल सर्विसेज में जाना चाहती है तो उसे क्या करना चाहिए। इस पर जिलाधिकारी ने सलाह दी कि विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार विषय का चुनाव करें और पूरी लगन एवं मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति में जुट जाएं।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से कहा कि अभी से अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और अपनी स्ट्रेंथ को बढ़ाते हुए कमजोरियों पर नियंत्रण स्थापित करें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए परिश्रम, ईमानदारी और समर्पण बेहद जरूरी हैं।
अभिभावकों से बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालने की अपील
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनके लक्ष्य को समझते हुए उन्हें आगे बढ़ने में सहयोग करें। उन्होंने कॉलेज की प्रधानाचार्य रंजना सहाय को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए एक अच्छी टीम तैयार की जाए, जो बच्चों की पढ़ाई में सहायता करने के साथ-साथ उनके लक्ष्य निर्धारण में भी सहयोग करे।
‘फिरोजाबाद सुशासन’ यूट्यूब चैनल से मिलेगा मार्गदर्शन
जिला प्रशासन द्वारा इस पहल को व्यापक स्तर पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए ‘फिरोजाबाद सुशासन (Firozabad Sushasan)’ नाम से समर्पित यूट्यूब चैनल शुरू किया जा रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर प्रशासनिक अधिकारियों के मार्गदर्शन, सफलता के टिप्स और विभिन्न विषयों पर संवाद रिकॉर्ड कर अपलोड किए जाएंगे।

इससे दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी अपनी सुविधा के अनुसार अधिकारियों के व्याख्यान सुन सकेंगे। चैनल के माध्यम से जनपद में चलाए जा रहे सुशासन अभियानों और प्रशासनिक उपलब्धियों को भी साझा किया जाएगा।
जिला प्रशासन की यह पहल जनपद के युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें प्रशासनिक एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Pink City Times | PCT News




