सिरसागंज में 10 लाख की लूट का बड़ा खुलासा: दो आरोपी रिमांड पर, 1.79 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
27 अप्रैल को बाजार में हुई थी 10 लाख रुपये की लूट, पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किया लूट का हिस्सा

सिरसागंज में 10 लाख की लूट का बड़ा खुलासा: दो आरोपी रिमांड पर, 1.79 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
27 अप्रैल को बाजार में हुई थी 10 लाख रुपये की लूट, पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किया लूट का हिस्सा
फिरोजाबाद। सिरसागंज कस्बे के बाजार में 27 अप्रैल 2026 को हुई करीब 10 लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 1 लाख 79 हजार 500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई काली स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनील पुत्र मामचन्द्र, निवासी काठी खेड़ा, थाना हापुड़ देहात, जनपद हापुड़ और मुकेश सैनी उर्फ जोगेन्द्र उर्फ लम्बू, निवासी छापट, थाना इन्द्री, जिला करनाल, हरियाणा के रूप में हुई है।
तीन बदमाशों ने नौकर से लूटे थे 10 लाख
पुलिस के मुताबिक 27 अप्रैल की सुबह करीब 10:45 बजे राजकुमार निवासी अथाई टोला, सिरसागंज के नौकर से मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने कथित तौर पर 10 लाख रुपये लूट लिए थे। मामले में थाना सिरसागंज पर मुकदमा अपराध संख्या 0226/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने सुनील, अभिषेक सिंह, मुकेश सैनी और गुलजार के नाम सामने आने की बात कही।
पहले हुई थी घटना की रेकी, फिर दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक इस लूट की रेकी कथित तौर पर गुलजार ने की थी। उसकी सूचना के बाद सुनील कुमार, अभिषेक और मुकेश सैनी द्वारा घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इसी गैंग के सदस्यों के खिलाफ दिल्ली में भी लूट की घटना के मामले सामने आए थे। वहीं 19/20 जून 2026 को थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंग के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किए जाने की बात भी प्रेस नोट में कही गई है।
तालाब के किनारे छिपाई थी वारदात में इस्तेमाल बाइक
पुलिस ने बताया कि न्यायालय से पुलिस अभिरक्षा रिमांड मिलने के बाद सुनील और मुकेश सैनी की निशानदेही पर ग्राम हैवतपुर के सड़क किनारे स्थित तालाब से काले रंग की स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इसके अलावा आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम डेरिन कामबक्शपुर, थाना नॉलेज पार्क, जनपद गौतमबुद्धनगर में किराये के मकान के पास से 1,79,500 रुपये बरामद किए गए।
गैंग के दो अन्य आरोपियों का भी रिमांड मंजूर
पुलिस के अनुसार इस मामले में नामजद अन्य आरोपी गुलजार और अभिषेक का भी 7 अगस्त 2026 को पुलिस अभिरक्षा रिमांड स्वीकृत हो चुका है। पुलिस का कहना है कि इन दोनों आरोपियों की निशानदेही पर भी आगे बरामदगी की कार्रवाई की जाएगी।
सुनील पर कई मुकदमे दर्ज
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ फिरोजाबाद के अलावा बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और दिल्ली में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं आरोपी मुकेश सैनी उर्फ जोगेन्द्र उर्फ लम्बू के खिलाफ भी लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमों का आपराधिक इतिहास पुलिस ने बताया है।
सिरसागंज पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना सिरसागंज पुलिस टीम शामिल रही। टीम में हेड कांस्टेबल पवन कुमार, कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
PCT News Digital




