आगरा कैंट की घटना के विरोध में फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर कर्मचारियों का कैंडल मार्च, दोषी आरपीएफ जवानों पर कार्रवाई की मांग
डिप्टी एसएस के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के विरोध में रेलवे कर्मचारियों ने की नारेबाजी, घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग।
आगरा कैंट की घटना के विरोध में फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर कर्मचारियों का कैंडल मार्च, दोषी आरपीएफ जवानों पर कार्रवाई की मांग

डिप्टी एसएस के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के विरोध में रेलवे कर्मचारियों ने की नारेबाजी, घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग।

फिरोजाबाद। आगरा जनपद के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर कुछ दिन पूर्व डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (डिप्टी एसएस) के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटना के विरोध में शुक्रवार को फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी आरपीएफ जवानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
रेलवे कर्मचारियों का कहना था कि हीराकुंड एक्सप्रेस के स्टेशन पर रुकने के दौरान हुई घटना में डिप्टी एसएस के साथ आरपीएफ जवानों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई और उन्हें स्टेशन परिसर में घसीटते हुए अभद्र व्यवहार किया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ, जिसे देखकर रेलवे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार पूरी रेलवे व्यवस्था की गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कैंडल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन में स्टेशन अधीक्षक सुरेश कुमार मीणा, स्टेशन मास्टर विवेक कुमार वर्मा, स्टेशन अधीक्षक देवेंद्र कुमार मीणा, स्टेशन मास्टर अनिल कुमार, स्टेशन मास्टर जितेंद्र सिंह, शिकोहाबाद स्टेशन मास्टर अंकुर मिश्रा, शिकोहाबाद स्टेशन मास्टर सुरेश कुमार, पॉइंट्समैन दिलशाद नबी, पॉइंट्समैन राजकुमार यादव, जेई (पीडब्ल्यू) विकास सक्सेना, जेई (पीडब्ल्यू) आयुष गुप्ता, वेल्डर टीकम सिंह, राजेंद्र सिंह, तेजेंद्र, राजीव कुमार, जितेंद्र सिंह, यशपाल, उजागर चौधरी, बाबन राय, संजीव कुमार, संदीप, सोहन लाल, राज कुमार, शिवम गुप्ता, सतेन्द्र, परशुराम तथा एमएनआर के स्टेशन मास्टर दिनेश बाबू सहित बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि दोषियों के विरुद्ध समयबद्ध और कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो रेलवे कर्मचारी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखने को मजबूर होंगे।




