Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

किसान समाधान दिवस में डीएम ने सुनी किसानों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए तत्काल निस्तारण के निर्देश

फार्मर रजिस्ट्री, पीएम किसान, खाद-बीज और सिंचाई से जुड़े मामलों पर हुई चर्चा, बुजुर्ग किसान की खतौनी त्रुटि का मामला प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश

किसान समाधान दिवस में डीएम ने सुनी किसानों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए तत्काल निस्तारण के निर्देश

फार्मर रजिस्ट्री, पीएम किसान, खाद-बीज और सिंचाई से जुड़े मामलों पर हुई चर्चा, बुजुर्ग किसान की खतौनी त्रुटि का मामला प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश

फिरोजाबाद। विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में किसान समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे और अपनी समस्याएं व शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, सिंचाई समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा अन्य कृषि एवं वित्तीय सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।

इस दौरान किसानों को रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खाद के उपयोग, श्री अन्न (मोटे अनाज) के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा खाद-बीज के वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी भी दी गई। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने के लिए पारंपरिक खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और बागवानी को अपनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में ब्लॉक अरांव, तहसील सिरसागंज के ग्राम मुस्तफाबाद निवासी बुजुर्ग किसान साहब सिंह ने बताया कि खतौनी में नाम की तकनीकी त्रुटि के कारण उनकी फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। इससे उन्हें मक्का बेचने और खाद प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल त्रुटि दूर कर समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा अन्य किसानों ने भी कृषि, सिंचाई, खाद, बिजली और राजस्व से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान समाधान दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। यदि किसी भी किसान को कृषि, सिंचाई, बिजली, खाद, पानी अथवा अन्य विभागों से जुड़ी कोई समस्या है तो वह सीधे इस मंच पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी अन्नदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों को लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक शिकायत का सत्यापन कर पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सोमेश गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!