जलभराव की समस्या पर तीसरे दिन खत्म हुआ अनशन, एसडीएम ने जूस पिलाकर तुड़वाया धरना
वार्ड नंबर-10 में निरीक्षण कर एसडीएम ने दिया स्थायी समाधान का भरोसा, जल्द शुरू होगा कार्य शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। नगर पालिका
जलभराव की समस्या पर तीसरे दिन खत्म हुआ अनशन, एसडीएम ने जूस पिलाकर तुड़वाया धरना

वार्ड नंबर-10 में निरीक्षण कर एसडीएम ने दिया स्थायी समाधान का भरोसा, जल्द शुरू होगा कार्य
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। नगर पालिका

शिकोहाबाद के वार्ड नंबर-10 में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर चल रहा धरना और अनशन गुरुवार को समाप्त हो गया। तीसरे दिन उपजिलाधिकारी गजेन्द्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इस दौरान उन्होंने जलभराव की समस्या का स्थलीय निरीक्षण भी किया और इसे गंभीर बताते हुए तत्काल समाधान की प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया।

वार्ड नंबर-10 के निवासी लंबे समय से सड़क पर जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश और नालियों का पानी सड़कों पर जमा रहता है। इससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और क्षेत्र में गंदगी का भी माहौल बना रहता है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने धरना-प्रदर्शन शुरू किया था, जो बाद में अनशन में बदल गया। गुरुवार को अनशन के तीसरे दिन एसडीएम गजेन्द्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कहा कि वार्ड में जलभराव की समस्या काफी विकराल है और इसका स्थायी समाधान कराया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका की पूरी टीम को मौके पर लगाकर आवश्यक कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में लोगों को इस समस्या का सामना न करना पड़े।
एसडीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब वार्ड नंबर-10 को जल्द ही जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।




