Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, खराब प्रदर्शन वाले विभागों को लगाई फटकार

विद्युत, स्वास्थ्य और पंचायती राज विभाग की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी, तीन ब्लॉकों को कारण बताओ नोटिस; रैंकिंग सुधारने के दिए कड़े निर्देश

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, खराब प्रदर्शन वाले विभागों को लगाई फटकार

विद्युत, स्वास्थ्य और पंचायती राज विभाग की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी, तीन ब्लॉकों को कारण बताओ नोटिस; रैंकिंग सुधारने के दिए कड़े निर्देश

फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद की रैंकिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान पंचायती राज विभाग के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग में 90 प्रतिशत तथा 5वें वित्त आयोग में 91.34 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई। हालांकि तीन ब्लॉकों की रैंकिंग अत्यंत खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जनसेवा केंद्रों पर जमा धनराशि को समय से सरकारी खाते में स्थानांतरित न करने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जननी सुरक्षा योजना के तहत केवल 52 प्रतिशत भुगतान होने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम से जवाब तलब किया। उन्होंने लंबित भुगतान शीघ्र पूरा करने और योजना की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एम्बुलेंस सेवाओं में जनपद की 39वीं तथा 108 सेवा में 22वीं रैंक पर भी असंतोष जताते हुए मरीजों तक समय पर सेवाएं पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विद्युत विभाग की 62वीं रैंक आने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। इसके अलावा मनरेगा के तहत भवन निर्माण कार्यों में जनपद की 59वीं रैंक सुधारने और आवास निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने हर घर पेयजल कनेक्शन योजना की प्रगति तेज करने, दुग्ध मूल्य भुगतान व्यवस्था में सुधार हेतु तीन नई दुग्ध समितियों के गठन तथा दिव्यांग पेंशन योजना के प्रभावी संचालन के निर्देश भी दिए। कृषि एवं उद्यान विभाग को प्राप्त 1,071 आवेदनों के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पीएम सूर्य घर योजना के लक्ष्यों को निर्धारित समय में पूरा करने को कहा गया।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य एवं अन्य अधिकारियों को सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश स्तर पर जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सके। बैठक में सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!