फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद श्री आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना रसूलपुर पर दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों की जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम मोढ़ा से जमालपुर और मोती नगर जाने वाले तिराहे के पास पहुंची। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी आसिफ के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आसिफ पुत्र नसीम निवासी पुराना रसूलपुर तथा योगेन्द्र कुमार उर्फ अर्जुन पुत्र रामवीर प्रजापति निवासी इटावा हाल निवासी डोरी गांव थाना नारखी के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से स्प्लेंडर बाइक संख्या यूपी 83 बीएफ 2289, पैशन बाइक संख्या यूपी 83 एपी 4932 तथा पल्सर बाइक संख्या यूपी 83 बीडी 1741 बरामद की है। इसके अलावा दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी आसिफ के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं योगेन्द्र के खिलाफ भी वाहन चोरी के मामले दर्ज बताए गए हैं।
पूरे अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विमल कुमार, जितेन्द्र कुमार, निशांत कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





