फिरोजाबाद कलेक्ट्रेट का डीएम संतोष कुमार शर्मा ने किया औचक निरीक्षण
परिसर में गंदगी देख जताई नाराजगी, सप्ताहांत में विशेष सफाई अभियान के निर्देश

फिरोजाबाद कलेक्ट्रेट का डीएम संतोष कुमार शर्मा ने किया औचक निरीक्षण

परिसर में गंदगी देख जताई नाराजगी, सप्ताहांत में विशेष सफाई अभियान के निर्देश

फिरोजाबाद में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम, आपदा अनुभाग, भूमि व्यवस्था और भूलेख अनुभाग का सूक्ष्म अवलोकन किया। परिसर में व्याप्त गंदगी को देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को आगामी शनिवार और रविवार को सामूहिक रूप से विशेष सफाई अभियान चलाकर परिसर को स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए।
विभागीय योजनाओं की समीक्षा में पारदर्शिता पर जोर
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पंचायती राज विभाग, जिला पूर्ति विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ आम जनता तक पहुंचना चाहिए।
जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पटल सहायकों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए और पत्रावलियों का रखरखाव सुव्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फार्मर रजिस्ट्री के कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने बैठक में फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।




