विश्व पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने चित्रों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विद्यालय में हुआ वृक्षारोपण
फिरोजाबाद के कटरा पठानान विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता व जागरूकता कार्यक्रम, विजेताओं को किया गया सम्मानित

विश्व पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने चित्रों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विद्यालय में हुआ वृक्षारोपण

फिरोजाबाद के कटरा पठानान विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता व जागरूकता कार्यक्रम, विजेताओं को किया गया सम्मानित

फिरोजाबाद। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर कोमल फाउंडेशन द्वारा सहायता संपर्क संस्था, गाजियाबाद के सहयोग से उच्च प्राथमिक विद्यालय, कटरा पठानान में चित्रकला प्रतियोगिता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित भविष्य का संदेश दिया।
इस दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में अंश शर्मा ने प्रथम, मोहम्मद राजा ने द्वितीय एवं शिवा शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तमन्ना, हुमेरा, आमना, सुल्तान और निशा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि पृथ्वी केवल हमारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की धरोहर है। बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच बच्चों को जागरूक करना सबसे प्रभावी समाधान है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कल्पना राजौरिया ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।
सहायता संपर्क संस्था, गाजियाबाद के संस्थापक तुषार कंसल ने अपने संदेश में कहा कि पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है, तभी स्वच्छ और हरित भविष्य संभव है।
कार्यक्रम के दौरान डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से न्यूट्रिशन सपोर्ट प्रोग्राम के तहत सभी छात्र-छात्राओं को गुलाबरी नहाने का साबुन एवं डाबर रेड टूथपेस्ट वितरित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षक मोहित शर्मा, अमित कुमार, कोमल फाउंडेशन के राहुल यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को पृथ्वी संरक्षण और हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।



