
8 घंटे में खुला कुसमरा हत्याकांड: प्यार में अंधी बहन ने प्रेमी संग मिलकर भाई को उतारा मौत के

घाट
भांजे ने देखी पूरी वारदात, गुमशुदगी की आड़ में छिपाया गया था हत्या का सच

मैनपुरी (किशनी/कुसमरा)।
मैनपुरी के कुसमरा में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में जो सच सामने आया, उसने रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया। यहां एक बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही सगे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना 7-8 अप्रैल की रात की है। फर्रुखाबाद के करथिया गांव निवासी 25 वर्षीय करन मिश्रा अपनी बहन पूजा दुबे को उसके ससुराल कुसमरा छोड़ने आया था। रात में वह वहीं रुक गया। देर रात पूजा का प्रेमी जितेंद्र उर्फ जीतू छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध थे।
भांजे की आंखों के सामने हुई हत्या
इस पूरे हत्याकांड का सबसे बड़ा गवाह बना 10 साल का मासूम बच्चा। मृतक के भाई मोहित मिश्रा के अनुसार, भांजे ऋतिक दुबे ने बताया कि रात में जब जीतू घर पहुंचा, तब करन ने उसे और पूजा को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।
मासूम के बयान के मुताबिक,
“रात को दीपक ठाकुर घर में बैठा था। तभी मामा घर आए। मां के साथ उसे देखते ही उसने तमंचे से मेरे मामा को गोली मार दी। मां ने भी उसकी मदद की।”
विवाद इतना बढ़ गया कि जितेंद्र ने करन को पीछे से गोली मार दी।
शव ठिकाने लगाने की साजिश
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने सबूत मिटाने की साजिश रची। करन के शव को उसकी ही मोटरसाइकिल से कुसमरा-बेवर मार्ग स्थित धरमंगदपुर मोड़ के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया। शक होने पर कि करन जिंदा हो सकता है, आरोपियों ने उसके सिर में एक और गोली मार दी, जिससे उसकी मौत सुनिश्चित हो गई।
गुमशुदगी का खेल, लेकिन खुल गया राज
वारदात को छिपाने के लिए बहन पूजा दुबे ने अगले दिन खुद ही थाने पहुंचकर अपने भाई की गुमशुदगी दर्ज कराई। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान जब शव बरामद हुआ, तो पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। महज 8 घंटे के भीतर पूरा सच सामने आ गया।
पुलिस कार्रवाई और बरामदगी
मोहित मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने जितेंद्र उर्फ जीतू, सत्येंद्र उर्फ जूली और पूजा दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मुख्य आरोपी जितेंद्र और पूजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस, खून से सने कपड़े और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस का बयान
एसपी सिटी गणेश प्रसाद शाह के अनुसार, प्रथम दृष्टया जांच में प्रेम संबंधों के चलते हत्या की बात सामने आई है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट:
पत्रकार मोहित गुप्ता, ब्यूरो चीफ मैनपुरी




