शिकोहाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस: 72 मामलों में 10 का मौके पर निस्तारण, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
लापरवाही पर होगी कार्रवाई, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और दबंगई से जुड़े मामलों पर तत्काल जांच के आदेश

शिकोहाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस: 72 मामलों में 10 का मौके पर निस्तारण, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
लापरवाही पर होगी कार्रवाई, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और दबंगई से जुड़े मामलों पर तत्काल जांच के आदेश
खबर
फिरोजाबाद, 04 अप्रैल। तहसील शिकोहाबाद सभागार में जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर पालिका और समाज कल्याण विभाग से जुड़े कुल 72 मामले आए, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एक मामले में अमरीन अली के परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया, जिस पर डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। वहीं ग्राम आरौंज के उदयवीर सिंह और देवी दयाल ने दबंगई की शिकायत की, जिस पर एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई करने को कहा गया।
मैनपुरी तिराहे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर समाजसेवियों ने स्पीड ब्रेकर की मांग उठाई, जिस पर पीडब्ल्यूडी को निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगला किला निवासी प्रेमलता ने सड़क और नाली निर्माण न होने से जलभराव की समस्या बताई, जिस पर नगर पालिका को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बिजली विभाग की शिकायतों में सहजलपुर निवासी विशाल और मुहाट निवासी मिथलेश ने गलत बिल भेजे जाने की बात कही। डीएम ने एक्सईएन विद्युत को 7 दिन में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान करना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एसडीएम डॉ. गजेंद्र पाल, तहसीलदार, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




