फार्मर रजिस्ट्री को लेकर डीएम सख्त, शत-प्रतिशत पंजीकरण के दिए निर्देश
जनपद फिरोजाबाद में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

फार्मर रजिस्ट्री को लेकर डीएम सख्त, शत-प्रतिशत पंजीकरण के दिए निर्देश
जनपद फिरोजाबाद में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति और प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के 100 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए। इसके लिए प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने और सघन मॉनिटरिंग हेतु नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।
डीएम ने निर्देशित किया कि सभी नामित अधिकारी गांव-गांव, मजरे स्तर पर कैंप लगाकर किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करें और उन्हें रजिस्ट्री के लिए जागरूक व प्रोत्साहित करें। उन्होंने तहसीलदारों को आदेश दिए कि प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक लेखपाल और ग्राम सचिव कैंपों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
महिला किसानों को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन खतौनियों में महिलाओं का नाम दर्ज है, उनके घर जाकर लेखपाल और सचिव फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण करें।
इसके साथ ही हर पंजीकरण का पूरा रिकॉर्ड रखने पर जोर देते हुए निर्देश दिए गए कि किसान का नाम, पिता का नाम और मोबाइल नंबर रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
तकनीकी कार्यों में तेजी लाने के लिए जन सेवा केंद्र (CSC) के कार्मिकों को भी कैंप में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को तत्काल लाभ मिल सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद का कोई भी किसान इस योजना से वंचित न रहे, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विशु राजा, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, डीडीए, बीएसए, एएलसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




