नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर निकाला पैदल मार्च

फिरोजाबाद, 9 सितंबर 2026
नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर निकाला पैदल मार्च

पोस्टर-बैनर लेकर किया प्रदर्शन, नारेबाजी कर सरकार से यूपी में भी स्टाइपेंड लागू करने की मांग
फिरोजाबाद। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में बुधवार को नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने पैदल मार्च निकालकर हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर अपनी मांग के समर्थन में नारेबाजी की और शासन से उनकी मांग पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।
इंटर्नशिप कर रहे नर्सिंग छात्र-छात्राओं का कहना है कि मौजूदा महंगाई के दौर में इंटर्नशिप के दौरान होने वाले खर्च को देखते हुए उन्हें स्टाइपेंड मिलना चाहिए। उनका कहना है कि दिल्ली, केरल और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में नर्सिंग इंटर्नशिप करने वाले विद्यार्थियों को स्टाइपेंड दिया जाता है, जबकि उत्तर प्रदेश में अभी ऐसी व्यवस्था लागू नहीं है।
छात्र-छात्राओं के मुताबिक इंटर्नशिप के दौरान वे अस्पताल के वार्डों में नियमित ड्यूटी करते हैं और मरीजों की देखरेख, उपचार संबंधी कार्यों तथा काउंसलिंग में जिम्मेदारी निभाते हैं। मरीजों के साथ सीधे संपर्क में रहते हुए सेवाएं देने के बावजूद उन्हें इसके लिए कोई स्टाइपेंड नहीं मिलता।
प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने मांग की कि अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी नर्सिंग इंटर्नशिप के दौरान स्टाइपेंड की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों को उनकी सेवाओं के अनुरूप आर्थिक सहायता मिल सके।
PCT News




