Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
क्राइमयूपीराज्यलोकल न्यूज़

डीसीबी दफ्तर बना अखाड़ा: महाप्रबंधक और शाखा प्रबंधक में चले लात-घूंसे, बोतल मारने का आरोप

ऑनलाइन मीटिंग में अभद्र भाषा के विरोध पर भड़का विवाद, दोनों पक्षों ने दी तहरीर; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

डीसीबी दफ्तर बना अखाड़ा: महाप्रबंधक और शाखा प्रबंधक में चले लात-घूंसे, बोतल मारने का आरोप

ऑनलाइन मीटिंग में अभद्र भाषा के विरोध पर भड़का विवाद, दोनों पक्षों ने दी तहरीर; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

फिरोजाबाद। जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) मुख्यालय बुधवार को उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया, जब बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक मनोज कुमार मौर्य और जसराना शाखा प्रबंधक नवनीत यादव के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। बैंक कार्यालय के अंदर दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक के दौरान महाप्रबंधक द्वारा कथित अभद्र भाषा के प्रयोग से शाखा प्रबंधक नवनीत यादव नाराज थे। इसी मामले में विरोध दर्ज कराने के लिए वह बुधवार सुबह अपनी पत्नी और अन्य बैंक कर्मचारियों के साथ जिला सहकारी बैंक मुख्यालय पहुंचे थे।

बातचीत के दौरान बढ़ा विवाद, हाथापाई तक पहुंचा मामला

सूत्रों के अनुसार, मुख्यालय में बातचीत के दौरान माहौल अचानक गरमा गया और देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान महाप्रबंधक ने मेज पर रखी पानी की बोतल उठाकर नवनीत यादव के सिर में मार दी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मटसैना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शाखा प्रबंधक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।

महाप्रबंधक ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं, महाप्रबंधक मनोज कुमार मौर्य ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि नवनीत यादव जबरन उनके केबिन में घुस आए और अभद्र व्यवहार करने लगे। उन्होंने दावा किया कि नवनीत यादव ने खुद ही पानी की बोतल अपने सिर में मारकर ड्रामा किया।

घटना के बाद महाप्रबंधक ने शाखा प्रबंधक नवनीत यादव को घोर अनुशासनहीनता और उच्चाधिकारी से मारपीट के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच शुरू

दूसरी ओर घायल शाखा प्रबंधक ने महाप्रबंधक के खिलाफ जानलेवा हमला और अभद्रता की तहरीर पुलिस को दी है। मामले में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए हैं।

सीओ सदर तेजस त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हो गई है। बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!