फ़िरोज़ाबाद में स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खिलाफ उभरा आक्रोश, महिलाओं ने मीटर उखाड़कर फीडर पर फेंके
बढ़े हुए बिल और बिजली कटौती से नाराज़ ग्रामीण महिलाएं सड़कों पर उतरीं, कई स्थानों पर प्रदर्शन
फ़िरोज़ाबाद:
जनपद में स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर को लेकर विरोध अब खुलकर सामने आने लगा है। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं का गुस्सा इस कदर बढ़ गया है कि उन्होंने मीटर तक उखाड़कर फेंक दिए। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आई घटनाओं ने बिजली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव घुरुकुआ में महिलाओं ने बिजली आपूर्ति और स्मार्ट मीटर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है, जबकि सप्लाई में कोई सुधार नहीं हुआ। लगातार बिजली कटौती से घर के कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
आक्रोशित महिलाओं ने अपने घरों से स्मार्ट मीटर निकालकर सिर पर रखे और जुलूस की शक्ल में गांव से निकलकर बिजली फीडर तक पहुंचीं। यहां उन्होंने मीटर फेंककर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और व्यवस्था सुधारने की मांग की।
इसी तरह टूंडला थाना क्षेत्र के नगला रति विद्युत फीडर पर भी महिलाओं का विरोध देखने को मिला। गढ़ी भक्ति, नगला रति, नगला राम किशन समेत आसपास के गांवों की करीब 50 से 60 महिलाएं उपकेंद्र पहुंचीं और प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि बिल जमा करने के बावजूद बिजली काट दी जाती है और शिकायत करने पर सुनवाई नहीं होती।
प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने अपने घरों से उतारे गए मीटर उपकेंद्र परिसर में फेंक दिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं विद्युत विभाग के जेई देवेंद्र कुमार ने महिलाओं से बातचीत कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
जनपद के कई गांवों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर लगातार विरोध के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि बिजली विभाग ग्रामीणों की शिकायतों को किस तरह दूर करता है और व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।




