फिरोजाबाद में IPTV पायरेसी का बड़ा खुलासा, ‘BOS IPTV’ रैकेट का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार

Jio Hotstar समेत कई चैनलों का अवैध प्रसारण, 900+ यूजर्स जुड़े, 20 लाख रुपये फ्रीज

फिरोजाबाद |
फिरोजाबाद में साइबर क्राइम सेल और थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए IPTV के जरिए डिजिटल कंटेंट की पायरेसी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो ‘BOS IPTV’ नामक अवैध प्लेटफॉर्म के माध्यम से Jio Hotstar सहित विभिन्न टीवी चैनलों का अनधिकृत प्रसारण कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी:
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में पदम सिंह (फिरोजाबाद), अशोक धीमान (संगरूर, पंजाब) और जगदीश कुमार (चुरु, राजस्थान) शामिल हैं।
ऐसे चलता था पूरा रैकेट
जांच में सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर ‘BOS IPTV’ के जरिए करीब 900 से अधिक यूजर्स को जोड़ चुके थे। ग्राहकों को ऐप डाउनलोड लिंक, यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाते थे और सब्सक्रिप्शन के नाम पर QR कोड के जरिए पैसे वसूले जाते थे।
मनी लॉन्ड्रिंग का भी खुलासा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ठगी से जुटाई गई रकम को अलग-अलग बैंक खातों, यूपीआई आईडी और डाकघर आरडी खातों में ट्रांसफर कर मनी लॉन्ड्रिंग की जा रही थी, ताकि पैसों के स्रोत को छिपाया जा सके।
इस मामले में आरोपी जगदीश कुमार के बैंक खाते में करीब 20 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं।
बरामदगी और जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 3 मोबाइल फोन और 8 डाकघर आरडी पासबुक समेत कई अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जबकि डिजिटल डाटा का विश्लेषण जारी है।
गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला
पुलिस पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है। शुरुआती जांच में यह नेटवर्क पंजाब और राजस्थान सहित कई राज्यों तक फैला हुआ पाया गया है।
पुलिस का बयान
साइबर क्राइम टीम का कहना है कि इस तरह के अवैध IPTV प्लेटफॉर्म पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




