RTO कार्यालय का औचक निरीक्षण, दलाल-रहित और पारदर्शी व्यवस्था पर जोर
सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांची, लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

PCT News | फिरोजाबाद | 8 सितंबर 2026
RTO कार्यालय का औचक निरीक्षण, दलाल-रहित और पारदर्शी व्यवस्था पर जोर

सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांची, लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
फिरोजाबाद। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), बाँदा सौरभ कुमार ने उप संभागीय परिवहन कार्यालय, फिरोजाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालय की कार्यप्रणाली को पूरी तरह दलाल-रहित, पारदर्शी और आम नागरिकों के लिए सुगम बनाना रहा।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय के अंदर और बाहर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कवरेज और रिकॉर्डिंग क्षमता का भौतिक सत्यापन किया गया। अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरों को हमेशा सुचारू स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए।

पंजीयन और लाइसेंस पटलों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पंजीयन, प्रवर्तन, लाइसेंस सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर पटल प्रभारियों से कार्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों को आम जनमानस से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ सुगमता से पूरा करने तथा कार्यालयी अभिलेखों, रजिस्टर और पत्रावलियों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आवेदकों से लिया सुविधाओं का फीडबैक
कार्यालय में अपने कार्य के लिए आए आवेदकों से अधिकारियों ने सीधे संवाद किया और उन्हें मिल रही सुविधाओं तथा कार्यालय की पारदर्शी व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। मौके पर लंबित कार्यों की जानकारी लेकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए।

बिचौलियों और अनाधिकृत व्यक्तियों पर सख्ती
कार्यालय परिसर और उसके आसपास बिचौलियों अथवा अनाधिकृत व्यक्तियों के जमावड़े को रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्यालय में आने वाले नागरिकों को अपने कार्य के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और निर्धारित प्रक्रिया के तहत सीधे सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश
निरीक्षणकर्ता अधिकारी ने चालक लाइसेंसों के निलंबन, फिटनेस समाप्त स्कूली वाहनों के पंजीयन निलंबन तथा भारी और हल्के वाहनों से संबंधित लंबित पंजीयन आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गौरी शंकर ठाकुर, भरत सिंह, खुशीराम, प्रभाष कुमार, अभिनेन्द्र कुमार, शिवराम गुर्जर, आशा पाराशर, मनोज कुमार सहित फोकॉम नेट प्रा. लि. के कर्मचारी उपस्थित रहे।
PCT News | फिरोजाबाद




