फिरोजाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 लाख की चरस के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार
बिहार से सस्ते दाम पर लाकर आगरा, फिरोजाबाद और मथुरा में करते थे सप्लाई, 6.781 किलो चरस, नकदी, मोबाइल और स्कूटी बरामद

फिरोजाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 लाख की चरस के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार
बिहार से सस्ते दाम पर लाकर आगरा, फिरोजाबाद और मथुरा में करते थे सप्लाई, 6.781 किलो चरस, नकदी, मोबाइल और स्कूटी बरामद
फिरोजाबाद।
जनपद फिरोजाबाद में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए थाना रसूलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) आगरा की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गैंग के चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6 किलो 781 ग्राम चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बिहार से कम कीमत पर चरस खरीदकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चार से पांच गुना अधिक दाम पर बेचते थे। इस नेटवर्क के जरिए युवाओं को नशे की लत लगाने का संगठित कारोबार संचालित किया जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में एएसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी एएनटीएफ के नेतृत्व में रसूलपुर पुलिस व एएनटीएफ आगरा की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे रोड स्थित गली नंबर-2 के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिहार से चरस लाकर आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा समेत कई जिलों में थोक और फुटकर सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है। साथ ही गिरोह की संपत्तियों की जांच कर सफीमा (SAFEMA) और पीआईटी-एनडीपीएस के तहत भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
ये सामान हुआ बरामद
6 किलो 781 ग्राम चरस (करीब 500-500 ग्राम के 14 पैकेट)
4 मोबाइल फोन
₹2,900 नकद
3 पिट्ठू बैग
1 डेबिट कार्ड व 1 आधार कार्ड
काली एक्टिवा स्कूटी (UP80HE3219)
गिरफ्तार आरोपी
बबलू कुमार (बेगूसराय, बिहार)
अरविंद साहनी (मूल निवासी बेगूसराय, बिहार, वर्तमान निवासी आगरा)
विजय कुमार (समस्तीपुर, बिहार)
मनोज कुमार (आगरा)
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना रसूलपुर में मु0अ0सं0 372/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और पूरे गैंग की आर्थिक व आपराधिक गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।




