NH-19 पर गांजा तस्कर दबोचा, 1263 ग्राम गांजा बरामद
सिरसागंज पुलिस की कार्रवाई, 21 वर्षीय आरोपी शिवा गिरफ्तार; पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे

NH-19 पर गांजा तस्कर दबोचा, 1263 ग्राम गांजा बरामद
सिरसागंज पुलिस की कार्रवाई, 21 वर्षीय आरोपी शिवा गिरफ्तार; पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
फिरोजाबाद। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरसागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनएच-19 स्थित भावली मोड़ के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को 1263 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अवैध गांजा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के नेतृत्व में थाना सिरसागंज पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवा पुत्र प्रीतम उर्फ माते निवासी गिहार कॉलोनी, थाना सिरसागंज को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पुलिंदा में रखा 1263 ग्राम गांजा बरामद किया। बरामदगी के आधार पर थाना सिरसागंज में मुकदमा संख्या 275/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहले से अपराध की दुनिया से जुड़ा है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शिवा के खिलाफ पहले भी चोरी, चोरी का माल रखने और अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 से लेकर 2025 तक उसके खिलाफ सिरसागंज थाने में सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
चेकिंग अभियान में मिली सफलता
पुलिस टीम ने एनएच-19 स्थित भावली मोड़ से गांव भावली की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह
उपनिरीक्षक अशोक कुमार (चौकी प्रभारी कठफोरी)
उपनिरीक्षक अरुण कुमार
हेड कांस्टेबल शिवप्रताप सिंह
कांस्टेबल रियाज खान




