फिरोजाबाद में जनगणना की तैयारियां तेज, एमजी इंटर कॉलेज में समीक्षा बैठक आयोजित
16 से 30 अप्रैल तक चलेगा प्रशिक्षण, 6000 प्रगणक और सुपरवाइजर होंगे शामिल

फिरोजाबाद में जनगणना की तैयारियां तेज, एमजी इंटर कॉलेज में समीक्षा बैठक आयोजित
16 से 30 अप्रैल तक चलेगा प्रशिक्षण, 6000 प्रगणक और सुपरवाइजर होंगे शामिल
फिरोजाबाद, 9 अप्रैल:आगामी जनगणना को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को एमजी इंटर कॉलेज में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य एवं अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता ने की।
बैठक में जनगणना कार्य को सुचारू, पारदर्शी और त्रुटिहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना कार्य में तैनात होने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा। इसके लिए एमजी इंटर कॉलेज के 45 कमरों को आरक्षित किया गया है। प्रशिक्षण में लगभग 6000 प्रगणक और सुपरवाइजर भाग लेंगे।
प्रशिक्षण व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए दो मुख्य मास्टर ट्रेनर और 88 प्रशिक्षकों की तैनाती की गई है। साथ ही, सभी गतिविधियों की निगरानी और समन्वय के लिए कॉलेज परिसर में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में नोडल अधिकारी जनगणना के.एम. सिंह, डीएसटीओ एम.पी. सिंह, सहायक जिला प्रभारी जनगणना सनी कुमार, प्रिंसिपल सरिता यादव, मास्टर ट्रेनर अश्वनी जैन एवं योगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




