फिरोजाबाद में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम, 3,496 छात्र-छात्राओं के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि
डीएम संतोष कुमार शर्मा और सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने छात्र-छात्राओं को वितरित किए छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र, शिक्षा पर धनराशि खर्च करने की अपील

फिरोजाबाद में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम, 3,496 छात्र-छात्राओं के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि
डीएम संतोष कुमार शर्मा और सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने छात्र-छात्राओं को वितरित किए छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र, शिक्षा पर धनराशि खर्च करने की अपील
फिरोजाबाद।
पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि उनके आधार सीडेड बैंक खातों में अंतरित की गई। इस अवसर पर लोक भवन सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के संबंधित विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में कराया गया।
जनपद स्तर पर छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम विकास भवन सभागार, फिरोजाबाद में हाईब्रिड मोड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के पांच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण के माध्यम से श्रवण किया।
मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए छात्रवृत्ति योजना के तहत प्राप्त धनराशि का उपयोग अच्छी पुस्तकों की खरीद और शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं में करने की अपील की, ताकि विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति की धनराशि का सदुपयोग करते हुए अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
जिला स्तर पर पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत अनुसूचित जाति के 918, सामान्य वर्ग के 270, अन्य पिछड़ा वर्ग के 2,186 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 122 छात्र-छात्राओं के आधार सीडेड बैंक खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि अंतरित की गई। इस प्रकार कुल 3,496 छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिला।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी निधि सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
PCT News Digital | Pink City Times Hindi




