क्राइमयूपीराज्यलोकल न्यूज़

20 घंटे में ज्वैलर्स लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

लूटी गई सोने की चैन, तमंचा और कारतूस बरामद; दूसरा आरोपी और टाटा नेक्सॉन की तलाश जारी

20 घंटे में ज्वैलर्स लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

 

लूटी गई सोने की चैन, तमंचा और कारतूस बरामद; दूसरा आरोपी और टाटा नेक्सॉन की तलाश जारी

 

फिरोजाबाद/सिरसागंज। सिरसागंज कस्बे में इटावा रोड स्थित पीपी ज्वैलर्स की दुकान से हुई सोने की चैन लूट की वारदात का पुलिस ने महज 20 घंटे में खुलासा कर दिया। थाना सिरसागंज पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई 10 ग्राम वजन की सोने की चैन, 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

 

पुलिस के मुताबिक, घटना में दो आरोपी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईशू पुत्र वीरभान, निवासी वेदपुरा, थाना वेदपुरा, जनपद इटावा के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी अभिषेक पुत्र नरेन्द्र कुमार, निवासी नरहोली, थाना सैफई, इटावा फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी और वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की टाटा नेक्सॉन कार की तलाश में दबिश दे रही है।

 

ग्राहक बनकर ज्वैलर्स की दुकान में घुसा था आरोपी

 

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को दोपहर करीब 2:55 बजे दोनों आरोपी बिना नंबर प्लेट की सफेद टाटा नेक्सॉन से पीपी ज्वैलर्स पहुंचे थे। ईशू कार में बैठकर आसपास निगरानी करता रहा, जबकि उसका साथी अभिषेक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ।

 

आरोपी ने सोने की चैन खरीदने की बात कही और दुकानदार द्वारा दिखाई गई दो चैनों को अपने गले में पहन लिया। इसके बाद घरवालों को दिखाने की बात कहकर दोनों चैन लेकर भागने लगा। दुकानदार द्वारा चैन वापस मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी और बाहर खड़ी कार में बैठे साथी के साथ फरार हो गया।

 

पीछा करने पर तमंचा दिखाकर दी धमकी

दुकानदार ने मोटरसाइकिल से आरोपियों का पीछा किया। पुलिस के मुताबिक, नगला राधे मोड़ और महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास आरोपियों ने तमंचा दिखाकर धमकी दी और इटावा की ओर भाग निकले।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया।

 

CCTV और टोल प्लाजा फुटेज से मिला सुराग

 

पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ दुकान और टोल प्लाजा के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर वारदात में इस्तेमाल कार की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देते हुए करीब 20 घंटे के भीतर आरोपी ईशू को दिहुली रोड स्थित नवनिर्मित कोल्ड स्टोर के पास कठफोरी से गिरफ्तार कर लिया।

 

लूट की चैन बांटने का खुलासा

पूछताछ में आरोपी ईशू ने पुलिस को बताया कि उसने और उसके साथी अभिषेक ने ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। दोनों ने आगरा घूमने के बहाने कार किराये पर ली थी और इंटरनेट पर सिरसागंज की ज्वैलर्स दुकानों की जानकारी तलाशकर पीपी ज्वैलर्स को निशाना बनाया।

 

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पकड़े जाने से बचने के लिए कार की नंबर प्लेट खोलकर पीछे की सीट पर रखे हुए थे। वारदात के बाद दोनों इटावा की ओर भागे और कथित तौर पर लूटी गई दोनों चैनों में से एक-एक चैन आपस में बांट ली।

 

कठफोरी टोल पर बैरियर तोड़कर भागे

 

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने कठफोरी टोल प्लाजा पर पकड़े जाने के डर से बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस ने लगातार दबिश देकर ईशू को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस ने यह सामान किया बरामद

 

– 01 लूटी गई सोने की चैन, वजन करीब 10 ग्राम

– 01 अवैध तमंचा 315 बोर

– 02 जिंदा कारतूस 315 बोर

 

फरार आरोपी अभिषेक और वारदात में प्रयुक्त सफेद टाटा नेक्सॉन की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

 

कार्रवाई में थाना सिरसागंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!