
कृषि विभाग ने शुरू की बीज बुकिंग प्रक्रिया, 10 मई तक करें आवेदन
धान, बाजरा, मक्का समेत कई फसलों के प्रमाणित व संकर बीज उपलब्ध—किसान पोर्टल या जन सेवा केंद्र से करा सकते हैं बुकिंग
खबर:
फिरोजाबाद। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने जनपद के समस्त कृषक बंधुओं को जानकारी देते हुए बताया कि कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बीज वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत सामान्य बीज वितरण में धान (बासमती), संकर धान, संकर बाजरा, संकर ज्वार, संकर मक्का, ढैंचा, मूंग, उड़द और अरहर शामिल हैं।
इसके अलावा मिनीकिट बीज वितरण योजना के अंतर्गत सावां, कोदों, रागी, संकुल ज्वार, मूंग, उड़द, अरहर, तिल और संकर बाजरा के प्रमाणित एवं संकर बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन सभी बीजों की बुकिंग 22 अप्रैल 2026 से कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://agriculture.up.gov.in/� पर शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित की गई है।
किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार बीज की बुकिंग ऑनलाइन पोर्टल, जन सेवा केंद्र या स्वयं अपने मोबाइल फोन के माध्यम से कर सकते हैं।
उप कृषि निदेशक ने स्पष्ट किया कि बीज बुकिंग के लिए कृषक पंजीकरण अनिवार्य है। जिन किसानों का पंजीकरण नहीं है, वे पहले अपना पंजीकरण कराएं, तभी वे बीज बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।




